मनोनीत पार्षद बनने पर सन्नी ईपन ने मुख्यमंत्री सुक्खू और दीपक शर्मा का जताया आभार
कहा— राजनीति पद पाने का नहीं, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम
मंडी। नगर निगम मंडी के मनोनीत पार्षद सन्नी ईपन ने पार्षद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपकर समाज के सभी वर्गों, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिनिधित्व और हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया है।
सन्नी ईपन ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव दीपक शर्मा का विशेष रूप से आभार जताते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से उन्हें दीपक शर्मा का स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि दीपक शर्मा अल्पसंख्यक समुदाय के ख्याल रखते हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया। काबिलेगौर है कि
सन्नी ईपन ईसाई समुदाय से संबंध रखते हैं। उनके पिता मूल रूप से केरल के निवासी थे और हिमाचल प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में इंजीनियर के रूप में सेवाएं देने के बाद यहीं से सेवानिवृत्त हुए। सन्नी ईपन का पालन-पोषण और प्रारंभिक शिक्षा मंडी में हुई। बचपन से ही उनकी रुचि समाज सेवा और धर्मशास्त्र के अध्ययन में रही। इसी उद्देश्य से उन्होंने नेपाल, केरल और सिंगापुर की यात्राएं कर इन क्षेत्रों में शिक्षा का अनुभव प्राप्त किया। वह
पिछले करीब तीन दशकों से भारत के विभिन्न राज्यों सहित दुनिया के 20 से अधिक देशों की यात्रा कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न देशों की संस्कृति, रहन-सहन, सामाजिक व्यवस्था और विकास के मॉडल को करीब से समझा है।
सन्नी ईपन का मानना है कि देश में शिक्षा, स्वच्छता, विकास और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। समाज में धर्म, जाति और परिवारवाद से ऊपर उठकर समानता की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। उनका कहना है कि कानून का पालन सभी नागरिकों के लिए समान रूप से सुनिश्चित होना चाहिए और प्रत्येक व्यक्ति को धर्म तथा जाति से परे इंसान के रूप में सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रेम, सद्भाव और समानता की भावना के साथ समाज की सेवा करना ही सच्ची मानवता है। राजनीति को लेकर उनका मानना है कि यह केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त साधन है।
