मनाली स्वीट के बाहर हुआ हादसा, मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
मनप्रीत सिंह
नेरचौक, 16 अक्तूबर । नेरचौक में 15 अक्तूबर की रात एक सड़क हादसे में 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। तेज रफ्तार सफेद आल्टो कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 15 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे शिकायतकर्ता नेरचौक स्थित मनाली स्वीट के बाहर खड़ा था। इसी दौरान नेरचौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की आल्टो कार ने मंडी की ओर से सड़क किनारे पैदल चल रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया।घायल व्यक्ति को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान महेश कुमार (41), निवासी जिला कानपुर देहात, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आल्टो कार चालक के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश करने के साथ ही हादसे के संबंध में आगामी जांच कर रही है।
