मतदाता जागरूकता को लेकर केलांग में निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं

एसवीईईपी कार्यक्रम के तहत लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र के 65 विद्यार्थियों ने लिया भाग

केलांग, 12 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (SVEEP) के अंतर्गत 21-लाहौल एवं स्पीति विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा क्षेत्र स्तरीय निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, केलांग में आयोजित किया गया। इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं भावी मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और उनमें लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी की भावना विकसित करना रहा।

प्रतियोगिताओं में लाहौल क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के विद्यार्थी शामिल रहे। प्रतियोगिताओं को जूनियर एवं वरिष्ठ वर्गों में विभाजित किया गया था। जूनियर वर्ग की निबंध लेखन प्रतियोगिता में 24 तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 29 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रकार जूनियर वर्ग में कुल 53 विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं, वरिष्ठ वर्ग की निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में 6-6 विद्यार्थियों सहित कुल 12 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस आयोजन के सफल संचालन के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के 23 शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई गई थी।

प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए उनकी शैक्षणिक श्रेणी के अनुरूप अलग-अलग मानदंड निर्धारित किए गए थे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) प्रारूप में किया गया, जबकि निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने निर्धारित विषय पर मौके पर ही अपने विचार लिखित रूप में प्रस्तुत किए। दोनों प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों के चुनाव संबंधी ज्ञान, जागरूकता एवं अभिव्यक्ति कौशल का मूल्यांकन किया गया।

प्रत्येक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग दस प्रतिभागियों का चयन विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, चयनित प्रतिभागियों को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 21-लाहौल एवं स्पीति विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के एसवीईईपी कार्यक्रम के तहत आयोजित की जा रही ऐसी गतिविधियां युवाओं एवं भावी मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनका उद्देश्य युवाओं को मतदान के अधिकार एवं उसके महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार मतदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि लोकतंत्र की मजबूती में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *