कांग्रेस और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रायोजित अराजकतावादी आंदोलन दुर्भाग्यपूर्ण: अजय ठाकुर
एसआईआर का विरोध तथा चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे सुक्खू भी इसी चुनावी प्रक्रिया से जीते, यदि संशय हो तो इस्तीफा दे दें: अजय ठाकुर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा है कि आज देश और प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वारा जिस प्रकार के अराजकतावादी, भ्रम फैलाने वाले और व्यवस्था विरोधी आंदोलन चलाए जा रहे हैं, वे उनकी राजनीतिक हताशा और नागरिक विरोधी चरित्र का खुला प्रमाण हैं।
अजय ठाकुर ने कहा कि एसआईआर का कांग्रेस विरोध कर रही है, चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है। लेकिन सवाल यह है कि क्या कांग्रेस जब नेतृत्व में थी तो एसआईआर नहीं हुआ? कांग्रेस तो चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने में कुख्यात रही है। चुनावी प्रक्रिया से ही कांग्रेस हिमाचल सहित अन्य राज्यों में सत्ता में आई है, यदि उसे इसकी प्रक्रिया पर भरोसा नहीं तो कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को इस्तीफा दे देना चाहिए। सुक्खू को भी इस्तीफा देकर फिर चुनाव आयोग पर सवाल उठाना चाहिए।
अजय ठाकुर ने कहा कि प्रशांत भूषण और नेहा बोरा जैसे लोगों के मंसूबे अराजकता फैलाने का है। लेकिन इस देश का लोकतंत्र बहुत मजबूत है, इन अराजकतावादियों को देश की जनता जवाब देगी।
ठाकुर ने कहा कि जब से केंद्र की मजबूत और विकासोन्मुखी सरकार के खिलाफ कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, तब वे देश में अस्थिरता और अराजकता पैदा करने के एजेंडे पर उतर आए हैं। हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार खुद अपने ही द्वारा खड़े किए गए बोझ तले दबी हुई है, राज्य का हर वर्ग, सुक्खू सरकार की झूठी गारंटियों और कुशासन से त्रस्त है। अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू और कांग्रेस नेतृत्व जनता का ध्यान भटकाने के वास्ते राज्य में अराजकता और गैर-जिम्मेदाराना प्रदर्शनों को बढ़ावा दे रहा है।
अजय ठाकुर ने आगे कहा कि एक तरफ हिमाचल प्रदेश की जनता आर्थिक बदहाली, ठप पड़े विकास कार्यों और महंगाई से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के नेता और मंत्री अपनी कुर्सी बचाने के लिए दिल्ली के इशारे पर जनजीवन को बाधित करने वाले आंदोलनों में व्यस्त हैं। जनता की गाढ़ी कमाई के पैसों को होर्डिंग्स और प्रायोजित प्रदर्शनों पर लुटाया जा रहा है, जबकि राज्य के सरकारी संस्थान और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल स्थिति में हैं।
अजय ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी को चेतावनी देते हुए कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश की शांतिप्रिय और समझदार जनता कांग्रेस के इन कुप्रचारों और अराजकतावादी तौर-तरीकों को भली-भांति समझ चुकी है। प्रदेश की जनता राज्य में अराजकता का माहौल कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को इस विभाजनकारी और नकारात्मक राजनीति का करारा जवाब देगी। कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री सुक्खू अपनी ओछी राजनीति को छोड़कर प्रदेश की गिरती हुई कानून-व्यवस्था और आर्थिक संकट पर ध्यान दें, अन्यथा भाजपा प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर इस अराजकता का पुरजोर विरोध करेगी।
