
शिमला। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने के लिए हिमाचल प्रदेश के लोगों और पत्रकारों से अपील की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में आयोजित इस रैली का नारा ‘चलो दिल्ली, वोट चोर गद्दी छोड़, लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ’ रहेगा। उन्होंने दावा किया कि रैली में 10 लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अलका लांबा ने आरोप लगाया कि देश में मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रैली में ऐसे लोग भी शामिल होंगे, जिनके बारे में उनका दावा है कि उन्हें घुसपैठिया बताकर मतदान के अधिकार से वंचित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 13 करोड़ से अधिक लोगों को घुसपैठिया बताने की कार्रवाई के कारण भारतीय नागरिकों के मताधिकार पर सवाल खड़े हुए हैं। कांग्रेस इन लोगों के मताधिकार की बहाली के लिए संघर्ष करेगी।
कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें
अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। पहली मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही, उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों को रद्द कर उनकी दोबारा समीक्षा की जाए। दूसरी मांग है कि देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित वोट चोरी की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। तीसरी मांग है कि ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव करवाए जाएं।
उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर इंडिया गठबंधन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में राष्ट्रपति से मुलाकात करेगा। इसके साथ ही गठबंधन ने इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर कानूनी लड़ाई लड़ने का फैसला किया है।
राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने पर उठाए सवाल
अलका लांबा ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अपनी आवाज उठाने का अधिकार है, लेकिन विपक्षी नेताओं को प्रदर्शन के दौरान रोका गया।
उन्होंने बताया कि इसके अगले दिन कांग्रेस नेताओं ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर सत्याग्रह किया। अलका लांबा ने आरोप लगाया कि आज देश के संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
चुनाव आयोग और भाजपा से मांगा जवाब
भाजपा नेताओं की ओर से राहुल गांधी पर राजनीति करने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अलका लांबा ने चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के तीन सदस्यों में से दो सदस्यों द्वारा 10 दिनों में 14 पत्र लिखे जाने से जुड़े मामले पर भाजपा को जवाब देना चाहिए। उन्होंने पूछा कि इन पत्रों में किसका विरोध किया गया और क्या खुलासे किए गए। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में मीडिया में सामने आई खबरें सही हैं, तो चुनाव आयोग के अन्य सदस्यों की भूमिका पर भी सवाल उठते हैं।
अलका लांबा ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस नरीमन के एक साक्षात्कार का हवाला देते हुए पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के तहत पश्चिम बंगाल में 90 लाख, बिहार में 65 लाख और दिल्ली में 43 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए लोगों को उनके मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
अंत में अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए राजनीतिक और कानूनी, दोनों स्तरों पर लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लोगों से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के अभियान में भाग लेने की अपील की।
