
सुंदरनगर, दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुंदरनगर प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए स्थान निर्धारित कर दिए हैं। एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि तंग बाजारों और दुकानों के भीतर पटाखों की बिक्री नहीं होगी। पटाखे बेचने के लिए प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने के साथ पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी।
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि सुंदरनगर में नए बस स्टैंड से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस चौक तक तथा अंबेडकर नगर क्षेत्र में पटाखों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पटाखों की बिक्री के लिए केवल नगर परिषद के नए बस अड्डे स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को चिन्हित किया गया है।

इसी तरह बीबीएमबी कॉलोनी के ज़ीरो चौक और पुराने बाजार की दुकानों में भी पटाखे नहीं बेचे जा सकेंगे। इन क्षेत्रों के लिए नजदीकी ओपन एयर थिएटर और चौगान मैदान में बिक्री की अनुमति दी गई है। सुंदरनगर में जवाहर पार्क और कृषि सामुदायिक भवन के बाहर निर्धारित स्थानों पर तथा सड़क किनारे पटाखे बेचने की व्यवस्था की गई है।
एसडीएम ने बताया कि लोगों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए जवाहर पार्क में वाहनों की पार्किंग की निशुल्क व्यवस्था की गई है। वहीं, धनोटू चौक में पंचायत की खुली भूमि तथा डैहर क्षेत्र में खाली स्थान पर भी पटाखे बेचे जा सकेंगे।
*ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनुमति लेना अनिवार्य*
एसडीएम अमर नेगी ने स्पष्ट किया कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पटाखे बेचने के लिए भी एसडीएम कार्यालय से निर्धारित फॉर्म भरकर 500 रुपये शुल्क के साथ अनुमति लेनी होगी। इस संबंध में बीडीओ सुंदरनगर नियोन धैर्य शर्मा पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश जारी करेंगे।
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति या निर्धारित स्थान से बाहर पटाखे बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ पुलिस कार्रवाई की जाएगी। बैठक में व्यापार मंडल, नगर परिषद तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
