भारतीय ज्ञान प्रणाली भारतीय पारंपरिक विवेक की एक समृद्ध विरासत है: ललित कुमार अवस्थी

 

 

 

 

 

 

 

आज सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के बी.एससी.-एम.एससी. फिजिक्स इंटीग्रेटेड तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों आयशा, स्मृति व समीक्षा ने अपने कम्युनिटी कनेक्ट (Community Connect) प्रोजेक्ट के अंतर्गत माननीय कुलपति महोदय का साक्षात्कार किया। इस प्रोजेक्ट का विषय स्व-चिकित्सा (Self-Medication) है। विद्यार्थियों ने इस विषय पर आधारित अपने प्रश्नों के माध्यम से कुलपति महोदय से विस्तृत चर्चा की तथा स्व-चिकित्सा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने का प्रयास किया। इस अवसर पर प्रोजेक्ट के प्रभारी व विभागाध्यक्ष भौतिकी प्रो. राजेश कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।

साक्षात्कार के दौरान माननीय कुलपति महोदय ने भारतीय ज्ञान परंपरा में निहित पारंपरिक स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत प्राचीन काल से ही विश्व गुरु रहा है। तक्षशिला और नालंदा जैसे विख्यात विश्वविद्यालय ज्ञान एवं शिक्षा के प्रमुख केंद्र थे, जहाँ चीन, तिब्बत तथा अन्य पड़ोसी देशों से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते थे। उन्होंने कहा कि भारत की यह समृद्ध ज्ञान परंपरा आज भी हमारी सांस्कृतिक और बौद्धिक पहचान का आधार है। वर्तमान समय में भी भारतीय ज्ञान प्रणाली को शिक्षा एवं अनुसंधान से जोड़ने के प्रयास इस प्राचीन ज्ञान विरासत को संरक्षित करने तथा भावी पीढ़ियों तक पहुँचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कुलपति महोदय ने बताया कि हमारी दादी-नानी द्वारा पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित घरेलू उपचारों और रसोई में उपलब्ध प्राकृतिक सामग्रियों का पारंपरिक रूप से स्वास्थ्य देखभाल में महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है। इस संदर्भ में उन्होंने रसोईघर को पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल के एक महत्त्वपूर्ण केंद्र के रूप में रेखांकित किया। कुलपति महोदय ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए यह भी बताया कि वे आज भी 80% आयुर्वेदिक दवाइयाँ ही लेते हैं तथा विद्यार्थियों को स्व-चिकित्सा के प्रति सावधानी बरतने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉक्टर की सलाह और उचित चिकित्सकीय परामर्श के बिना स्वयं से दवाइयाँ लेना स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है। उन्होंने इसकी तुलना बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने से करते हुए विद्यार्थियों को समझाया कि जिस प्रकार सड़क सुरक्षा में सावधानी आवश्यक है, उसी प्रकार दवाइयों के उपयोग में भी चिकित्सकीय मार्गदर्शन अनिवार्य है।

यह साक्षात्कार विद्यार्थियों के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा, पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों तथा आधुनिक चिकित्सा के प्रति जिम्मेदार दृष्टिकोण विकसित करने का एक महत्त्वपूर्ण अवसर रहा। कम्युनिटी कनेक्ट जैसे प्रोजेक्ट विद्यार्थियों को समाज से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने, विशेषज्ञों से संवाद करने और जन-जागरूकता के प्रति अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *