शिमला, 28 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को मौसम करवट ले सकता है। प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, कुछ जिलों में गरज के साथ तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक शोभित कटियार के अनुसार, प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के कारण नहीं, बल्कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के प्रभाव से देखने को मिलेंगी। यह तूफान आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ रहा है और उत्तर-पश्चिम दिशा में ओडिशा तथा छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों के साथ हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदलने की संभावना है।
सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक चल रहा तापमान
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। निचले मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस, जबकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 18 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।
28 अक्टूबर को तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, 29 और 30 अक्टूबर को बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां शुरू होने के बाद प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में गिरावट आएगी।
पांच जिलों में गरज के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को सिरमौर, सोलन, शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
1 नवंबर से फिर खिलेगी धूप
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 30 अक्टूबर तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके बाद 31 अक्टूबर को बारिश की गतिविधियां समाप्त होने की संभावना है। वहीं, 1 नवंबर से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में फिर से धूप खिलने और तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल धुंध, पाले (ग्राउंड फ्रॉस्ट) या अन्य ऐसी गतिविधियों की कोई विशेष संभावना नजर नहीं आ रही है।
