
केलांग, 04 नवंबर 2026……. सहायक निदेशक एवं प्रभारी, उप क्षेत्रीय कार्यालय मंडी, अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ),क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी) द्वारा नवंबर 2026 के दौरान जिला लाहौल एवं स्पीति के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षणों का संचालन किया जा रहा है। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से एकत्र किए जाने वाले आंकड़ों का उपयोग देश एवं राज्यों में विकास योजनाओं, नीतियों तथा विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी निर्माण और क्रियान्वयन में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नवंबर माह के दौरान जिले में मुख्य रूप से वार्षिक असंगठित क्षेत्र उद्यम सर्वेक्षण (ASUSE) के अंतर्गत लपशक (लाहौल) में सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण (AIDIS) तथा कृषि परिवारों की स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण (SAS) के अंतर्गत खीनंग (लाहौल) क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सर्वेक्षण कार्य के दौरान राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के प्रशिक्षित अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षित डिजिटल उपकरणों तथा वेब पोर्टल के माध्यम से संबंधित जानकारी एकत्रित करेंगे। सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सभी सूचनाओं को पूर्णतः गोपनीय रखा जाता है तथा इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने जिले के सभी चयनित परिवारों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों से आग्रह किया है कि वे सर्वेक्षण में आने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग प्रदान करें। आमजन का यह सहयोग सुदृढ़ सांख्यिकीय प्रणाली विकसित करने, बेहतर नीतियों के निर्माण तथा देश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
