सरकारी अस्पतालों में जांच और उपचार की सुविधाएं प्रभावित, ऑपरेशन घटकर एक चौथाई रह जाना चिंताजनक, गरीब मरीजों की बढ़ रही मुश्किलें
मंडी। भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक ओर आत्मनिर्भर हिमाचल के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। आज सरकारी अस्पतालों में मरीजों को सामान्य जांच से लेकर गंभीर बीमारियों के उपचार तक के लिए परेशान होना पड़ रहा है। सवाल यह है कि जब प्रदेश के अस्पताल ही मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवा पा रहे, तो मुख्यमंत्री किस आत्मनिर्भर हिमाचल की बात कर रहे हैं?
राकेश जम्वाल ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में लैब टेस्ट की सुविधा प्रभावित होने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को निजी लैब में महंगे दामों पर जांच करवानी पड़ रही है। इसका प्रमुख कारण लैब संचालकों के करोड़ों रुपये के भुगतान लंबित होना बताया जा रहा है। सरकार की वित्तीय अव्यवस्था का सीधा असर मरीजों पर पड़ रहा है। सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध होनी वाली सुविधाओं के लिए भी लोगों को अपनी जेब से पैसा खर्च करना पड़ रहा है।
सरकारी अस्पतालों में ऑपरेशन घटकर एक चौथाई रह जाना गंभीर चिंता का विषय
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ऑपरेशन की संख्या घटकर एक चौथाई रह जाने के आरोप बेहद चिंताजनक हैं। हिमकेयर, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के तहत अस्पतालों को मिलने वाले भुगतान लंबित होने से उपचार व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऑर्थोपेडिक्स सहित कई विभागों के करोड़ों रुपये के भुगतान अटके होने की बात सामने आ रही है। जब अस्पतालों को उपचार का पैसा ही समय पर नहीं मिलेगा, तो वे मरीजों को बेहतर सुविधाएं कैसे उपलब्ध करवाएंगे? सरकार की इस लापरवाही का सबसे अधिक खामियाजा उन गरीब परिवारों को भुगतना पड़ रहा है, जिनके लिए सरकारी अस्पताल ही उपचार का एकमात्र सहारा हैं।
108 एम्बुलेंस सेवा की बदहाली से आपातकालीन मरीज परेशान
राकेश जम्वाल ने कहा कि 25 दिसंबर, 2010 को शुरू हुई अटल स्वास्थ्य सेवा 108 प्रदेश के लाखों लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हुई थी। खासकर ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में इस सेवा ने आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को बड़ी राहत दी। लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस महत्वपूर्ण सेवा की स्थिति भी चिंताजनक होती जा रही है। एम्बुलेंस संचालन से जुड़े भुगतान लंबित होने के कारण सेवाओं पर असर पड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर मरीजों को एम्बुलेंस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। आपातकालीन स्थिति में दो-दो घंटे तक एम्बुलेंस का इंतजार करना सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
दवाइयों से लेकर हिमकेयर तक, हर मोर्चे पर जनता परेशान
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में जरूरी दवाइयों की उपलब्धता, जांच सुविधाएं, ऑपरेशन और आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। हिमकेयर और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने का उद्देश्य था, लेकिन भुगतान संबंधी समस्याओं के कारण इन योजनाओं का लाभ लेने वाले मरीजों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती हैं। प्रदेश की जनता को भाषणों और नारों से नहीं, बल्कि अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयां, जांच और समय पर उपचार चाहिए। कांग्रेस सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन का बोझ अब मरीजों और उनके परिवारों पर डाला जा रहा है। निजी अस्पतालों में महंगा उपचार करवाना हर परिवार के बस की बात नहीं है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि यदि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को जांच, दवाइयां और ऑपरेशन की सुविधा समय पर नहीं मिल रही, यदि 108 एम्बुलेंस सेवा तक प्रभावित हो रही है, तो आत्मनिर्भर हिमाचल का दावा किस आधार पर किया जा रहा है? प्रदेश सरकार को आत्मनिर्भरता के दावों से बाहर निकलकर स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सुधारने पर ध्यान देना चाहिए। भाजपा मांग करती है कि अस्पतालों और लैब संचालकों के लंबित भुगतान तत्काल जारी किए जाएं, हिमकेयर एवं आयुष्मान भारत के तहत उपचार व्यवस्था सुचारू की जाए और 108 एम्बुलेंस सेवा को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए, ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समय पर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
