जयराम ठाकुर सत्ता में हों या विपक्ष में, हमेशा जनता के बीच रहे, जनता के दिलों में बसते हैं लोकप्रिय जननेता : राकेश वालिया

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मंडी . भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश वालिया ने कांग्रेस के कुछ नेताओं एवं सरकार में विभिन्न पदों पर बैठे अध्यक्षों द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश और विशेषकर मंडी जिला के साथ साथ हिमांचल के लोकप्रिय जननेता हैं, जिन्होंने हमेशा जनता के दिलों में अपनी जगह बनाई है। उनकी राजनीति सत्ता के पदों तक सीमित नहीं रही है। मुख्यमंत्री रहते हुए भी वे जनता के बीच रहे और आज नेता प्रतिपक्ष के रूप में भी लगातार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर का जनता से जुड़ाव ही उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक पहचान है। वे सत्ता में हों या विपक्ष में, जनता के सुख-दुख में शामिल होना और प्रदेश के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना अपनी जिम्मेदारी समझते हैं। यही कारण है कि मंडी सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनता के बीच उनकी सक्रियता बनी हुई है। कांग्रेस के कुछ नेता उनकी लोकप्रियता और सक्रियता पर टिप्पणी करने के बजाय अपने राजनीतिक दायित्वों पर ध्यान दें।

 

राकेश वालिया ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता और सरकार में विभिन्न पदों पर बैठे अध्यक्ष जयराम ठाकुर पर बयानबाजी करके अखबारों की सुर्खियां बटोरने में व्यस्त हैं। उन्हें यह समझना चाहिए कि केवल बयान देने और राजनीतिक टिप्पणियां करने से जनता के मुद्दों का समाधान नहीं होता। सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों की जिम्मेदारी है कि वे अपने पदों के माध्यम से जनता के लिए काम करें और विकास कार्यों को गति दें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने संगठन की स्थिति पर भी आत्ममंथन करना चाहिए। कुछ नेताओं की राजनीति केवल मीडिया में बने रहने और राजनीतिक बयानबाजी तक सिमटती जा रही है। ऐसे नेताओं की कार्यशैली से संगठन को क्या लाभ हो रहा है, इस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व को विचार करना चाहिए। जनता के बीच काम करने के बजाय सुर्खियों में बने रहने की प्रतिस्पर्धा संगठन को मजबूत करने में कोई योगदान नहीं देती।

 

राकेश वालिया ने सवाल उठाया कि आखिर मंडी की जनता ने ऐसा क्या बिगाड़ा था कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद जिले के विकास कार्यों पर मानो ग्रहण लग गया है? मंडी को नई विकास परियोजनाओं, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़कों, रोजगार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में क्या मिला, कांग्रेस नेताओं को इसका जवाब देना चाहिए। बड़े-बड़े राजनीतिक दावे करने वाले नेताओं को पहले मंडी की जनता के सामने पिछले चार वर्षों का विकास का हिसाब रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में मंडी जिला को विकास की दृष्टि से विशेष पहचान मिली। आज भी मंडी की जनता उनके कार्यकाल की परियोजनाओं और विकास कार्यों की चर्चा करती है। विपक्ष में रहते हुए भी वे मंडी और पूरे हिमाचल के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं।

 

राकेश वालिया ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को व्यक्तिगत बयानबाजी छोड़कर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। जयराम ठाकुर की लोकप्रियता पर टिप्पणियां करने से न तो कांग्रेस सरकार की जिम्मेदारियां कम होंगी और न ही मंडी की जनता के विकास से जुड़े सवाल समाप्त होंगे। भाजपा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार से हर जरूरी सवाल का जवाब मांगती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *