निर्धारित स्थल पुलिस ग्राउंड में ही लगाएं पटाखों की दुकानें

नायब तहसीलदार ने बाजार में पटाखों की दुकानों का किया निरीक्षण, दुकानदारों एवं संबंधित हितधारकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

केलांग, 7 नवंबर। उपमंडल दंडाधिकारी (ना.) केलांग कुनिका एकर्स द्वारा नायब तहसीलदार शेर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ केलांग बाजार में पटाखों की दुकानों एवं बिक्री से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी दुकानदारों एवं संबंधित हितधारकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे पटाखों की दुकानें प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थल पुलिस ग्राउंड में ही लगाएं। उन्होंने कहा कि बाजार में अनधिकृत स्थानों पर पटाखों की दुकानें लगाने की अनुमति नहीं होगी।

उन्होंने दुकानदारों को पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने, अग्निशमन उपकरणों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ज्वलनशील सामग्री को सुरक्षित दूरी पर रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर ही अपनी दुकानें लगाने तथा आम लोगों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न करने की हिदायत भी दी गई।

उन्होंने सभी दुकानदारों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *