
केलांग, 10 नवंबर, 2026…………..जिला परियोजना अधिकारी (आईटीडीपी) अश्वनी कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में 15 नवंबर को केलांग स्थित पुराने परिधि गृह में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह दिवस प्रतिवर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव और स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। भगवान बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए जनजातीय समाज के अधिकारों एवं स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया था।
उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के तहत जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत आने वाले गांवों के विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना तथा स्थानीय लोक कला एवं परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। साथ ही उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलांग में लोक नृत्य, लोकगीत तथा पारंपरिक कला एवं शिल्प प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला उदयपुर में पारंपरिक वेशभूषा एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला त्रिलोकनाथ में फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाहलमा में स्टोरी राइटिंग एवं लोकगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिताओं की थीम लाहौल घाटी का जनजातीय जीवन, संस्कृति एवं परंपराएं रखी गई है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शकोली में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल में पेंटिंग, फोटोग्राफी एवं लोक नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तिंदी में स्टोरी राइटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी में लोक वाद्य यंत्रों एवं लोकगीतों से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि इसके लिए उपमंडलाधिकारी उदयपुर ओम प्रकाश तथा खंड विकास अधिकारी केलांग मनीष राय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
