पुलिस महानिदेशक ने किया नशामुक्त हिमाचल के निर्माण का आह्वान

अभिलाषी विश्वविद्यालय में आयोजित एंटी-चिट्टा अभियान में बतौर मुख्यातिथि रहे उपस्थित

मंडी। हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के बढ़ते दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से अभिलाषी विश्वविद्यालय के सभागार में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिदेशक श्री अशोक तिवारी ने कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिरकत करते हुए विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध एकजुट होकर इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डीआईजी सेंट्रल रेंज श्री राहुल, एसपी मंडी श्री विनोद कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेणु शर्मा तथा एसपी लॉ एंड ऑर्डर श्री स्वरूप सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय परिसर में आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. आर.के. अभिलाषी, प्रति-कुलाधिपति एल. के. अभिलाषी तथा कुलपति प्रो. एच.के. चौधरी ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में कुलाधिपति डॉ. आर.के. अभिलाषी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाया जा रहा एंटी-चिट्टा अभियान केवल एक प्रशासनिक या पुलिस पहल नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए एक व्यापक सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि अभिलाषी विश्वविद्यालय इस अभियान के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल कानून और पुलिस कार्रवाई से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों, अभिभावकों, समाज और युवाओं को सामूहिक रूप से आगे आना होगा। आज समय की मांग है कि युवा स्वयं जागरूक बनें और अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
अपने प्रभावशाली एवं प्रेरणादायक संबोधन में डीजीपी श्री अशोक तिवारी ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि पुलिस को अपना मित्र समझें, उससे डरें नहीं। उन्होंने युवाओं से एक जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चिट्टा केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य और जीवन को ही नष्ट नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार, समाज और प्रदेश की सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवारों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि प्रदेश के युवाओं को इस अभियान में पुलिस और प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना होगा। चिट्टे के विरुद्ध आवाज उठाना, नशे के कारोबार की सूचना देना और समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि युवा शक्ति यदि सही दिशा में संगठित हो जाए तो समाज में बड़े से बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, पुलिस महानिदेशक श्री अशोक तिवारी ने विश्वविद्यालय के सभी विद्यार्थियों से मंडी में आयोजित होने वाली एंटी-चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि नशे के विरुद्ध युवाओं की एकजुटता, सामाजिक प्रतिबद्धता और सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपने मित्रों और समाज के अन्य युवाओं को भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि “मेरा हिमाचल, चिट्टा मुक्त हिमाचल” का संदेश जन-जन तक पहुंचे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कुलपति प्रो. एच.के. चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि अभिलाषी विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ-साथ एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनमें सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी सरकार और पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर एंटी-चिट्टा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय योगदान देता रहेगा। उन्होंने “चिट्टामुक्त हिमाचल – स्वस्थ युवा, समर्थ हिमाचल !” के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से सामूहिक प्रयास करने की अपील की |
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. आर. के. अभिलाषी, प्रति-कुलाधिपति डॉ. एल. के. अभिलाषी, कुलपति प्रो. एच. के. चौधरी, कुलसचिव डॉ. कपिल कपूर, जीनियस एजुकेशन सोसाइटी (GES) की अध्यक्षा डॉ. नर्वदा अभिलाषी, अभिलाषी एजुकेशन सोसाइटी (AES) की उपाध्यक्षा डॉ. प्रोमिला अभिलाषी, सचिव श्री नरेंद्र कुमार तथा अधिष्ठाता प्रो. पी. सी. शर्मा ने संयुक्त रूप से ‘एंटी-चिट्टा’ अभियान के सफल आयोजन की सराहना करते हुए इसे नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक मील का पत्थर बताया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि शिक्षण संस्थानों, पुलिस प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही युवा पीढ़ी को नशे के दलदल से बचाया जा सकता है। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में ‘मेरा हिमाचल-चिट्टा मुक्त हिमाचल’ के संकल्प को दोहराया और भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *