1265 पुलिस जवानों, 155 सीसीटीवी कैमरों और 5 ड्रोन से होगी कुल्लू दशहरे की निगरानी
कुल्लू। सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुल्लू पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। उत्सव में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए 1265 पुलिस जवानों, 155 सीसीटीवी कैमरों और 5 ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा पड़ोसी जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने बताया कि उत्सव के दौरान सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। इसका उद्देश्य जेबकतरों, हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई करना है।
आम जनता की सुविधा और सहायता के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कैटल ग्राउंड और अस्थायी बस स्टैंड के समीप तीन पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने उत्सव में आने वाले लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

