
कुल्लू, 22 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दूसरे दिन वीरवार को भगवान नरसिंह की भव्य जलेब निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनियों के बीच निकली जलेब में सैकड़ों श्रद्धालु देवता के साथ झूमते नजर आए। देवभूमि कुल्लू की समृद्ध देव संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं का साक्षी बना ढालपुर क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
भगवान नरसिंह की जलेब ढालपुर मैदान स्थित राजा की चाननी से शुरू हुई। इसके बाद जलेब उपायुक्त कार्यालय, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू, लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र और ढालपुर चौक से होकर शाही अंदाज में आगे बढ़ी। जलेब के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी और ढोल-नगाड़ों की थाप ने पूरे क्षेत्र को देवमय बना दिया।
सोने-चांदी के मुखौटों से सजे देवरथ ने मोहा मन
जलेब में भगवान नरसिंह के सुसज्जित देवरथ का दृश्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। सोने-चांदी के मुख मोहरों से सजे देवरथ की भव्यता देखते ही बन रही थी। देवता के साथ चल रहे श्रद्धालु पारंपरिक धुनों पर झूमते हुए अपनी आस्था प्रकट करते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने देवता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
ढालपुर क्षेत्र की रक्षा से जुड़ी है परंपरा
कुल्लू की देव परंपरा में भगवान नरसिंह का विशेष महत्व है। मान्यता है कि भगवान नरसिंह ढालपुर क्षेत्र की रक्षा करते हैं और यहां रक्षा सूत्र बांधकर क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने की परंपरा का निर्वहन करते हैं। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में भगवान नरसिंह की जलेब का आयोजन यहां की प्राचीन धार्मिक मान्यताओं, देव आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा केवल धार्मिक उत्सव ही नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोक आस्था का भी भव्य उत्सव है। भगवान नरसिंह की जलेब ने एक बार फिर इस परंपरा की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
