
मंडी .बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंदर सिंह गांधी ने मंडी में कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को प्रदेश की जनता के सामने सबसे पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर वे किस लोकतंत्र को बचाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं? यदि कांग्रेस को देश की चुनावी व्यवस्था और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर ही संदेह है, तो वह यह भी बताए कि हिमाचल प्रदेश में उसकी सरकार किस लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत बनी है?
गांधी ने कहा कि वर्ष 2022 में इसी देश की संवैधानिक चुनावी प्रक्रिया के ऊपर माध्यम से हिमाचल की जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया और सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बने। आज कांग्रेस उसी चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठा रही है। क्या कांग्रेस की जीत लोकतंत्र की जीत है और भाजपा की जीत लोकतंत्र के लिए खतरा? कांग्रेस नेताओं को इस विरोधाभास का जवाब प्रदेश की जनता को देना चाहिए।
उन्होंने पूर्व सांसद एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रतिभा सिंह सहित मंडी में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि जब हिमाचल में कांग्रेस की अपनी सरकार है, तो प्रदेश की जनता के सामने सरकार की उपलब्धियां रखने के बजाय प्रदर्शन को प्राथमिकता क्यों दी जा रही है? क्या कांग्रेस नेतृत्व अपनी सरकार के कामकाज से संतुष्ट है? यदि हां, तो जनता के सामने तीन वर्षों के विकास कार्यों और चुनावी गारंटियों का पूरा हिसाब क्यों नहीं रखा जा रहा?
इंदर सिंह गांधी ने कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र की चिंता के साथ हिमाचल की जनता की भी चिंता करनी चाहिए। प्रदेश में विकास कार्यों की गति, रोजगार, आर्थिक स्थिति और चुनावी गारंटियों को लेकर अनेक सवाल खड़े हैं। जनता सरकार से इन विषयों पर ठोस परिणाम की अपेक्षा कर रही है, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व इन सवालों का जवाब देने के बजाय राजनीतिक प्रदर्शनों के माध्यम से केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को घेरने में व्यस्त दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि मंडी की धरती से कांग्रेस नेताओं को यह भी बताना चाहिए था कि प्रदेश में विकास की रफ्तार बढ़ाने के लिए उनकी सरकार ने क्या कदम उठाए हैं? युवाओं से किए गए वादों की वर्तमान स्थिति क्या है? लंबित विकास योजनाएं कब पूरी होंगी? जनता को इन सवालों के जवाब चाहिए, केवल राजनीतिक नारे नहीं।
गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रदर्शन करना कांग्रेस का अधिकार है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते समय तथ्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ध्यान रखना भी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। चुनावी प्रक्रिया में किसी प्रकार की आपत्ति है तो कांग्रेस को निर्धारित कानूनी और संवैधानिक माध्यमों से अपना पक्ष रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी चुनावी सफलताओं को जनादेश और प्रतिकूल परिणामों को चुनावी व्यवस्था की खामी के रूप में प्रस्तुत नहीं कर सकती। यदि कांग्रेस को चुनाव आयोग पर सवाल उठाने हैं तो पहले यह स्पष्ट करे कि हिमाचल में उसकी सरकार को मिला जनादेश उसी व्यवस्था के तहत वैध है या नहीं?
विधायक इंदर सिंह गांधी ने कहा कि कांग्रेस के लिए बेहतर होगा कि वह मंडी से प्रदर्शन की शुरुआत करने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज की समीक्षा करे। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को पांच वर्षों के लिए सरकार चलाने, विकास करने और अपने वादे पूरे करने का अवसर दिया है। भाजपा जनता से जुड़े सवाल उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार से प्रत्येक चुनावी वादे तथा विकास कार्य का हिसाब मांगती रहेगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने या राजनीतिक प्रदर्शन करने तक सीमित नहीं है। जनता के जनादेश का सम्मान करना, संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जिम्मेदार व्यवहार रखना और सत्ता में रहते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी लोकतंत्र की मूल भावना है। कांग्रेस को दूसरों को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने से पहले हिमाचल में अपनी सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
