अभिलाषी विवि की छात्रा निकिता ठाकुर ने कियओडिशा का शैक्षिक व सांस्कृतिक भ्रमण
मंडी: भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत आयोजित ‘युवा संगम चरण-7’ कार्यक्रम के अंतर्गत अभिलाषी विश्वविद्यालय की बी.एस.सी.(ऑनर्स) कृषि की होनहार छात्रा निकिता ठाकुर का चयन ओडिशा भ्रमण के लिए हुआ। राज्य भर से चयनित 42 मेधावी विद्यार्थियों के दल में शामिल होकर निकिता ने ओडिशा के समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और शैक्षिक परिवेश का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। ओडिशा पहुंचने पर विद्यार्थियों का स्वागत पारंपरिक उड़िया गीतों और आत्मीय सत्कार के साथ किया गया, जिसने उन्हें वहां की समृद्ध संस्कृति से परिचित कराया। 10 दिवसीय इस यात्रा के दौरान दल ने विश्व प्रसिद्ध हीराकुंड बांध, वन्यजीव अभयारण्य, कोणार्क और पुरी के मनोरम समुद्री तटों का भ्रमण किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने पवित्र श्री जगन्नाथ मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा स्थानीय बाजारों का रुख कर ओडिशा के खान-पान, कला और जीवनशैली को नजदीक से समझा।
इस दौरे का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री तथा शिक्षा मंत्री से हुई विशेष शिष्टाचार भेंट रही। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित कलिंगा स्टेडियम का दौरा किया, जहां उन्हें भारतीय पुरुष एवं महिला हॉकी टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सीधे बातचीत करने, ऑटोग्राफ लेने और तस्वीरें खिंचवाने का अवसर मिला। शैक्षिक अन्वेषण के क्रम में दल को देश के शीर्ष शिक्षण संस्थानों—आईआईटी भुवनेश्वर (IIT Bhubaneswar) और आईआईएम संबलपुर (IIM Sambalpur) में ठहरने और वहां के शैक्षणिक परिवेश, नवाचारों व संकाय सदस्यों के साथ विचार-विमर्श करने का मौका मिला। यात्रा के अनुभवों को साझा करते हुए निकिता ने इसे ज्ञान, अन्वेषण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से परिपूर्ण एक अविस्मरणीय अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा इस विश्वास को सुदृढ़ करती है कि शिक्षा केवल कक्षाओं की चारदीवारी तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव से व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के अधिष्ठाता प्रो.पी.सी. शर्मा ने अभिलाषी विश्वविद्यालय के माननीय कुलाधिपति डॉ. आर. के. अभिलाषी, प्रति-कुलाधिपति डॉ. एल. के. अभिलाषी, कुलपति प्रो.एच.के.चौधरी, कुलसचिव डॉ. कपिल कपूर, अभिलाषी एजुकेशनल सोसाइटी की उपाध्यक्ष डॉ. प्रोमिला अभिलाषी,जीनियस एजुकेशन सोसाइटी की उपाध्यक्षा डॉ. नर्वदा अभिलाषी एवं सचिव श्री नरेंद्र कुमार का निरंतर मार्गदर्शन, दूरदर्शी नेतृत्व और उत्कृष्ट शैक्षिक सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। विश्वविद्यालय परिवार ने छात्रा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
