सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण दर्शन पर राष्ट्रीय परिसंवाद, 42 शोधपत्र प्रस्तुत

मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में ‘सरदार पटेल का राष्ट्र निर्माण दर्शन : राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं विकसित भारत @2047’ विषय पर राष्ट्रीय परिसंवाद आयोजित किया गया। इसमें देशभर के विद्वानों, इतिहासकारों और शोधार्थियों ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान और उनके विचारों की समकालीन प्रासंगिकता पर मंथन किया।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य ललित कुमार अवस्थी मुख्य अतिथि, जबकि ठाकुर रामसिंह इतिहास शोध संस्थान नेरी के निदेशक डॉ. चेत राम गर्ग कार्यक्रम अध्यक्ष रहे। मुख्य वक्ता आचार्य धर्मचन्द चौबे और विशिष्ट अतिथि के रूप में IGNOU शिमला के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जोगेन्द्र कुमार यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और राष्ट्रीय एकता की शपथ के साथ हुआ।

कुलगुरु आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि देशी रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान आधुनिक भारत की एकता और अखंडता का मजबूत आधार है। विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, महिला सशक्तिकरण और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। मुख्य वक्ता आचार्य धर्मचन्द चौबे ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला।

परिसंवाद के तहत पैनल चर्चा और दो तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें कुल 42 शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. चेत राम गर्ग ने भारतीय इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता के संरक्षण को सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार बताया। इस अवसर पर परिसंवाद की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों, शोधार्थियों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *