राजकीय आईटीआई मंडी में साइबर अपराध एवं वित्तीय साक्षरता पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मंडी, 2 नवंबर 2026।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-ए), मंडी में संस्थान के प्रधानाचार्य इंजीनियर अजयेश कुमार के दिशा-निर्देशानुसार साइबर अपराध एवं वित्तीय साक्षरता विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की ओर से स्मार्ट ट्रेनर श्री तुषार अवस्थी ने विशेष रूप से शिरकत की तथा संस्थान के विभिन्न व्यवसायों के प्रशिक्षुओं को साइबर अपराधों एवं वित्तीय जागरूकता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
श्री तुषार अवस्थी ने प्रशिक्षुओं को साइबर अपराध के विभिन्न प्रकारों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी को सुरक्षित रखने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही उन्होंने प्रशिक्षुओं को स्मार्ट निवेश योजनाओं, बचत के महत्व तथा सुरक्षित एवं सही निवेश के विभिन्न विकल्पों के बारे में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य इंजीनियर अजयेश कुमार ने भी प्रशिक्षुओं एवं स्टाफ सदस्यों को संबोधित करते हुए साइबर अपराधों से सतर्क रहने, डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने का आह्वान किया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न व्यवसायों के लगभग 150 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रुप इंस्ट्रक्टर श्री चमन वर्मा, टर्नर इंस्ट्रक्टर श्री रूप लाल, फिटर इंस्ट्रक्टर श्री महेंद्र पाल तथा आईसीटीएसएम इंस्ट्रक्टर श्रीमती मीना कुमारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं को साइबर सुरक्षा, डिजिटल वित्तीय लेन-देन तथा सुरक्षित निवेश के प्रति जागरूक करना था।
