मंडी: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं कुल्लू जिला प्रभारी दीपक शर्मा ने मंडी में भाजपा द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा को लोकतंत्र बचाने की चिंता आज हुई है, यह अच्छी बात है, लेकिन लोकतंत्र की रक्षा केवल नारों और रैलियों से नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वतंत्रता सुनिश्चित करने से होती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग किसी राजनीतिक दुर्भावना से नहीं, बल्कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता से जुड़े गंभीर सवालों के कारण कर रही है। चुनाव आयोग के भीतर ही अन्य चुनाव आयुक्तों द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाताओं के नाम जोड़ने-काटने और आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जाने संबंधी तथ्य सार्वजनिक चर्चा में आए हैं। ऐसे में इन सवालों का जवाब देने के बजाय भाजपा का चुनाव आयोग के बचाव में राजनीतिक प्रवक्ता बनकर उतरना कई सवाल खड़े करता है, दीपक शर्मा ने व्यंग्य करते हुए कहा कि भाजपा की स्थिति ऐसी हो गई है कि चुनाव आयोग को अपनी निष्पक्षता साबित करनी चाहिए, लेकिन उसकी पैरवी का ठेका भाजपा ने उठा रखा है।उन्होंने कहा कि भाजपा मंडी में ‘लोकतंत्र बचाओ’ का नारा लगाने से पहले यह स्पष्ट करे कि क्या लोकतंत्र केवल तब सुरक्षित है जब चुनाव आयोग पर कोई सवाल न उठाए, और जब विपक्ष पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग करे तो उसे अराजकता करार दे दिया जाए?
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अराजकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है। चुनाव आयोग किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि देश की एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है। उसकी निष्पक्षता पर सवाल उठें तो उनका जवाब तथ्यों और पारदर्शिता से दिया जाना चाहिए, राजनीतिक भाषणों से नही,दीपक शर्मा ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस के खिलाफ रैलियां निकालने के बजाय लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, निष्पक्ष चुनाव और मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिएउन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा को ‘लोकतंत्र बचाओ’ का नारा देने का पूरा अधिकार है, लेकिन लोकतंत्र बचाने की शुरुआत दूसरों को उपदेश देने से नहीं, बल्कि सत्ता में रहते हुए लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने से होती है।
लोकतंत्र किसी एक पार्टी की सत्ता का नाम नहीं है। लोकतंत्र जनता के वोट, जनता की आवाज और जनता के अधिकारों का नाम है। लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा तभी संविधान सुरक्षित रहेगा और संविधान सुरक्षित रहेगा तभी देश सुरक्षित रहेगा।
