दीपावली पर रात 8 से 10 बजे तक ही चला सकेंगे ग्रीन पटाखे

कुल्लू, 5 नवम्बर : दीपावली पर्व के दौरान लोगों की सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर उपमंडलाधिकारी नागरिक कुल्लू ने पटाखों की बिक्री एवं उपयोग को लेकर आवश्यक आदेश जारी किए हैं।

आदेशों के अनुसार दीपावली के दिन 8 नवम्बर 2026 को रात 8 बजे से 10 बजे तक केवल ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति होगी।

आदेशों के तहत ग्रीन पटाखों की बिक्री केवल लाइसेंस धारक विक्रेताओं के माध्यम से ही की जा सकेगी। इसके लिए पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) से लाइसेंस प्राप्त विक्रेता ही अधिकृत होंगे। पटाखों की अस्थायी दुकानों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी एहतियाती उपायों का पालन करना अनिवार्य होगा।

अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों सहित अन्य शांति क्षेत्र (साइलेंस जोन) में किसी भी प्रकार के पटाखे चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। पटाखे बाजारों एवं रिहायशी क्षेत्रों से दूर सुरक्षित स्थानों पर ही चलाए जा सकेंगे। निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक शोर उत्पन्न करने वाले पटाखों की बिक्री एवं उपयोग पर भी प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त लड़ियों अथवा श्रृंखलाबद्ध पटाखों (ज्वाइंट फायर क्रैकर्स) की बिक्री एवं उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

आदेशों के अनुसार कुल्लू उपमंडल में पटाखों की बिक्री एवं सामूहिक आतिशबाजी के लिए छह स्थान अधिसूचित किए गए हैं। इनमें नेहरू पार्क सरवरी, रामबाग अखाड़ा, रथ मैदान ढालपुर, मेला मैदान भुंतर, जिया पुल के नीचे भुंतर तथा काली माता मंदिर के समीप शराभाई शामिल हैं। इनमें रामबाग अखाड़ा में सामूहिक आतिशबाजी तथा शेष पांच स्थानों पर पटाखों की बिक्री निर्धारित की गई है।

पटाखों की बिक्री के लिए संबंधित तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्राधिकार में लाइसेंस जारी करेंगे। विक्रेताओं को केवल अधिकृत कंपनियों से प्राप्त स्वीकृत पटाखों की ही बिक्री करने की अनुमति होगी।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि दीपावली का पर्व सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाएं तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *