तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के प्रभावी क्रियान्वयन पर उपायुक्त ने की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता

केलांग…..06 नवंबर, 2026,……जिला लाहौल एवं स्पिति में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक उपायुक्त निवेदिता नेगी की अध्यक्षता में वीरवार को आयोजित की गई। बैठक का संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी चमन सिंह ठाकुर किया।

 

 

 

 

 

उन्होंने अवगत करवाया कि 20 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस महत्वाकांक्षी अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना तथा जागरूकता, जनभागीदारी एवं तंबाकू नियंत्रण कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से तंबाकू मुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है। अभियान की पांच प्रमुख रणनीतियों में 100 प्रतिशत तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान बनाना जिसके अंतर्गत जिले के सभी स्कूल, एवं अन्य शिक्षण संस्थानों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार तंबाकू मुक्त बनाना निश्चित किया जाएगा। कोटपा (COTPA) अधिनियम का सख्ती से पालन करना जिसमें जिला एवं खंड स्तर पर गठित उड़नदस्तों द्वारा नियमित निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाकर तंबाकू नियंत्रण कानूनों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

इसके साथ ही जिले में सभी को अभियान से जोड़ते हुए परिसरों को तंबाकू मुक्त बनाने तथा युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जाऐंगे तथा जनप्रतिनिधियों, पंचायतों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से अधिक से अधिक गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही जागरूकता एवं सोशल मीडिया अभियान चला कर विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने एवं सोशल मीडिया के माध्यम से तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया जाएगा।

उपायुक्त ने सभी को इस अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष निर्देश दिए तथा कहा कि इस वर्ष अभियान के अंतर्गत जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को शत-प्रतिशत तंबाकू मुक्त बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा बच्चों एवं युवाओं को तंबाकू से बचाने पर विशेष जोर देंना अनिवार्य है।

 

उपायुक्त ने बच्चों एवं युवाओं के बीच तंबाकू के बढ़ते खतरे पर गंभीर चिंता व्यक्त की। इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बच्चों एवं किशोरों को कम उम्र में तंबाकू के सेवन से रोकना अत्यंत आवश्यक है। तंबाकू की लत लगने से पहले ही प्रभावी रोकथाम करना भावी पीढ़ियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सबसे महत्वपूर्ण उपायों में से एक है। इसी उद्देश्य से इस अभियान में जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन के साथ-साथ तंबाकू नियंत्रण कानूनों के सख्त क्रियान्वयन को समान प्राथमिकता दी जाएगी।

 

उपायुक्त ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि तंबाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं एवं समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।

 

उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी विभागों एवं हितधारकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें तथा निर्धारित समयावधि में अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें तथा विशेष रूप से सभी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने, गांवों में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने, कोटपा अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा बच्चों एवं युवाओं तक जागरूकता संदेश पहुंचाने पर अधिकाअधिक जोर दें।बैठक में सभी संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों एवं हितधारकों ने भाग लिया तथा अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की उपायुक्त ने सभी को नशा मुक्त समाज बनाने की प्रतिज्ञा भी दिलाई।बैठक में पीओआई डीपी अश्वनी कुमार, एसडीएम कुनिका एकर्स, उप पुलिस अधीक्षक केडी शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी संजय कुमार, बीडीओ मनीष राय, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *