
सुप्रीम कोर्ट में बीबीएमबी एरियर पर मिली जीत को बताया ऐतिहासिक, ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ताओं में भरा जोश
सुंदरनगर।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अहम बैठक विश्राम गृह सुंदरनगर में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान सोहन लाल ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों और ऐतिहासिक उपलब्धियों को लेकर आम जनता के बीच जाएं तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करें।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हिमाचल के अधिकारों की मजबूत पैरवी की है। उन्होंने कहा कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से प्रदेश के हक के बकाए को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दी गई मंजूरी राज्य के लिए एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि है।
ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार राज्य के हितों की रक्षा करने और हिमाचल को आर्थिक रूप से सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर मोर्चे पर संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के हकों के लिए लड़ी गई इस कानूनी व आर्थिक लड़ाई की जानकारी को जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि जनता सरकार के प्रयासों और उपलब्धियों से भली-भांति अवगत हो सके।
Roop Lal Kaundal, Bureau Chief
Aapka Faisla daily Newspaper at Mandi
01905-225033, 98056 06413, 9318763606
