बलद्वाड़ा मिनी सचिवालय के उद्घाटन पर सियासी ड्रामा,
भाजपा-कांग्रेस ने अलग-अलग काटे फीते
सीएम पहले ही कर चुके थे भवन का उद्घाटन,
आमने-सामने आए दोनों दलों के नेता;
पुलिस ने संभाला मोर्चा, टला टकराव कोई

सरकाघाट। बलद्वाड़ा मिनी सचिवालय के उद्घाटन को लेकर बुधवार को जमकर सियासी ड्रामा देखने को मिला। एक ही भवन का शुभारंभ करने के लिए भाजपा और कांग्रेस के नेता अपने-अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए। पहले भाजपा विधायक दिलीप ठाकुर ने फीता काटकर भवन का शुभारंभ किया, फिर कांग्रेस महासचिव पवन ठाकुर ने भी अलग से फीता काट दिया। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की आमने-सामने नारेबाजी से माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति संभली और बड़ा टकराव टल गया।
हैरानी की बात यह रही कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 14 महीने पहले ही इस भवन का उद्घाटन कर चुके हैं। ऐसे में एक ही भवन के शुभारंभ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के अलग-अलग कार्यक्रमों ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया। क्षेत्र में दिनभर इस घटनाक्रम की चर्चा होती रही।
विधायक दिलीप ठाकुर का जोरदार स्वागत, समर्थकों ने कंधों पर उठाया
सरकाघाट के विधायक दिलीप ठाकुर के बलद्वाड़ा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने विधायक को कंधों पर उठाकर मिनी सचिवालय परिसर तक पहुंचाया। इसके बाद विधायक ने फीता काटकर भवन का शुभारंभ किया।
मिनी सचिवालय की पार्किंग में आयोजित जनसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों की भीड़ जुटी। विधायक दिलीप ठाकुर ने लोगों को संबोधित करते हुए उन्हें बधाई दी और भाजपा सरकार की नीतियों व विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने मिनी सचिवालय को क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया।
भाजपा की जनसभा के बीच पहुंचे कांग्रेस नेता, शुरू हुई नारेबाजी
भाजपा विधायक की जनसभा चल ही रही थी कि कांग्रेस महासचिव पवन ठाकुर भी अपने समर्थकों के साथ मिनी सचिवालय पहुंच गए। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की जनसभा के सामने नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों दलों के समर्थकों के आमने-सामने आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भवन की ऊपरी मंजिल पर पहुंचाया। इसके बाद कांग्रेस महासचिव पवन ठाकुर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में फीता काटकर मिनी सचिवालय का दोबारा शुभारंभ किया।
इस तरह एक ही दिन में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए भवन का शुभारंभ कर राजनीतिक माहौल गरमा दिया।
जनता का सवाल—जब सीएम उद्घाटन कर चुके थे, तो फिर यह ड्रामा क्यों?
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही भवन का उद्घाटन कर चुके हैं, तो फिर दोनों दलों के नेताओं के अलग-अलग फीते काटने का क्या औचित्य है? जनता के लिए बनी सुविधा को राजनीतिक प्रतिष्ठा का मुद्दा बनाने के बजाय नेताओं को इसके सुचारु संचालन पर ध्यान देना चाहिए।
एक ही भवन के शुभारंभ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच हुए इस घटनाक्रम ने विकास कार्यों पर राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ को भी चर्चा में ला दिया।
विधायक दिलीप ठाकुर बोले—अधिकारियों को बुलाकर भवन जनता को समर्पित किया
भाजपा विधायक दिलीप ठाकुर ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने सभी अधिकारियों को बुलाया। विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद कार्यालयों के लिए फ्लोर आवंटित किए और भवन को जनता को समर्पित किया। उनके अनुसार, इस पहल का उद्देश्य मिनी सचिवालय की सुविधाएं लोगों तक पहुंचाना है।
पवन ठाकुर बोले—मुख्यमंत्री ने दिया था बजट, भाजपा कर रही गुमराह
कांग्रेस महासचिव पवन ठाकुर ने कहा कि बलद्वाड़ा मिनी सचिवालय के लिए बजट मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उपलब्ध करवाया था। उन्होंने कहा कि बुधवार को उन्होंने कार्यालयों की शिफ्टिंग और भवन के उपयोग की शुरुआत के उद्देश्य से कार्यक्रम किया। पवन ठाकुर ने भाजपा पर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।
विकास की सुविधा या सियासी श्रेय की लड़ाई?
बलद्वाड़ा मिनी सचिवालय का उद्देश्य लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाना है, लेकिन बुधवार को भवन के शुभारंभ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच हुई खींचतान ने इसे राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना दिया। अब सवाल यह है कि जनता को बेहतर सुविधाएं देने की प्राथमिकता आगे रहेगी या भवन के श्रेय को लेकर सियासी खींचतान जारी रहेगी।
