
एंकर — हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार 31 अक्टूबर को शिमला में 419 खिलाड़ियों को सम्मानित करेगी। राज्यस्तरीय समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 51 और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले 368 खिलाड़ियों को कुल 17 करोड़ 85 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। खेल मंत्री यादविंद्र गोमा के मुताबिक, नई खेल नीति के तहत पुरस्कार राशि में 150 से 300 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना भी है।
खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए 13 करोड़ 55 लाख रुपये, जबकि राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए 4 करोड़ 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों पर चार साल में दूसरी बार खिलाड़ियों के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। गोमा ने बताया कि हाल ही में जापान में आयोजित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को भी पूरा पुरस्कार दिया जाएगा।
बाइट — यादविंदर गोमा, खेल मंत्री हिमाचल सरकार
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में मंडी जिले से सबसे अधिक 99 खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा शिमला से 54, सोलन से 49, बिलासपुर से 37, कांगड़ा से 28, हमीरपुर से 24, ऊना से 19, कुल्लू और सिरमौर से 18-18, किन्नौर से 15 और चंबा से 7 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। खेल मंत्री ने बताया कि प्रदेश में खेल कोटे के तहत तीन प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के संबंध में मुख्यमंत्री के साथ भी विस्तृत चर्चा की गई है।
