
मंडी : 31 अक्टूबर, 2026 वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने एनसीसी एयर विंग एवं आर्मी विंग के कैडेटों, महाविद्यालय के विद्यार्थियों तथा समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने कैडेटों से ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’, ‘एकता हमारी शक्ति, अनुशासन हमारी पहचान’ तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एनसीसी एयर विंग, मंडी के फ्लाइट कमांडर एवं एसोसिएट एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने कहा – सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने कहा- सरदार पटेल केवल भारत के लौह पुरुष ही नहीं, बल्कि आधुनिक एवं एकीकृत भारत के महान शिल्पकार भी थे। स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात देशी रियासतों के भारतीय संघ में विलय के माध्यम से उन्होंने भारत की राजनीतिक एकता और अखंडता को एक सुदृढ़ आधार प्रदान किया।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने एनसीसी कैडेटों का आह्वान किया कि वे जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रहरी बनें। राष्ट्र की विविधता का सम्मान करें तथा समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को प्रोत्साहित करें। फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने कहा- व्यक्तिगत हितों से ऊपर राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने सरदार पटेल के जीवन एवं योगदान के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा- सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रभक्ति, दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन, कुशल नेतृत्व और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने 1928 के ऐतिहासिक बारडोली सत्याग्रह का उल्लेख करते हुए बताया कि किसानों के अधिकारों के लिए उनके प्रभावशाली नेतृत्व के कारण ही उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि प्राप्त हुई थी।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने कहा,- कि स्वतंत्रता के समय भारत के समक्ष सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक देशी रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण था। तत्कालीन उपप्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री सरदार पटेल ने अपनी अद्भुत कूटनीतिक क्षमता, दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के बल पर 562 से अधिक रियासतों के एकीकरण में निर्णायक भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्वतंत्र भारत की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा अखिल भारतीय सेवाओं को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एनसीसी कैडेटों को संबोधित करते हुए फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने कहा- सरदार पटेल का जीवन युवाओं को राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य भी अनुशासित, चरित्रवान, साहसी एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना है। प्रत्येक कैडेट का आचरण ऐसा होना चाहिए कि समाज के अन्य युवा उससे प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने कहा – एकता केवल एक विचार नहीं, बल्कि राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और अनुशासन केवल वर्दी की पहचान नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक के चरित्र का प्रतीक है।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट डॉ. बलबीर सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पोस्टर मेकिंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में शामिल सहायक आचार्य योगराज ने अपने संबोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सरदार पटेल की तुलना जर्मनी के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ओटो वॉन बिस्मार्क से करते हुए उनके अद्वितीय नेतृत्व, बारडोली सत्याग्रह और खेड़ा सत्याग्रह के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी विद्यार्थियों के साथ सांझा की।
**प्रतियोगिताओं के परिणाम**
राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में कैडेट हिना ने प्रथम, कैडेट विवेक ने द्वितीय तथा कैडेट कविता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कैडेट सुनील ने प्रथम, कैडेट भूमिका ने द्वितीय तथा कैडेट कविता ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में एनसीसी एयर विंग एवं आर्मी विंग के सैकड़ों कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेटों में राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर एनसीसी वायु सेना विंग मंडी के फ्लाइट कमांडर एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन, लेफ्टिनेंट डॉ बलबीर सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर योगराज सहित एनसीसी एयर विंग व आर्मी विंग के सैकड़ो कैडेटों ने भाग लिया।
